पाठ

पिता का चश्मा
– मंगलेश डबराल

बुढ़ापे के समय पिता के चश्मे एक-एक कर बेकार होते गए
आँख के कई डॉक्टरों को दिखाया विशेषज्ञों के पास गए
अन्त में सबने कहा — आपकी आँखों का अब कोई इलाज नहीं है
जहाँ चीज़ों की तस्वीर बनती है आँख में
वहाँ ख़ून का जाना बन्द हो गया है
कहकर उन्होंने कोई भारी-भरकम नाम बताया।

पिता को कभी यक़ीन नहीं आया
नए-पुराने जो भी चश्मे उन्होंने जमा किए थे
सभी को बदल-बदल कर पहनते
आतशी शीशा भी सिर्फ़ कुछ देर अख़बार पढ़ने में मददगार था
एक दिन उन्होंने कहा — मुझे ऐसे कुछ चश्मे लाकर दो
जो फुटपाथों पर बिकते हैं
उन्हें समझाना कठिन था कि वे चश्मे बच्चों के लिए होते हैं
और बड़ों के काम नहीं आते।

पिता के आख़िरी समय में जब मैं घर गया
तो उन्होंने कहा — संसार छोड़ते हुए मुझे अब कोई दुःख नहीं है
तुमने हालाँकि घर की बहुत कम सुध ली
लेकिन मेरा इलाज देखभाल सब अच्छे से करते रहे
बस यही एक हसरत रह गई
कि तुम मेरे लिए फुटपाथ पर बिकने वाले चश्मे ले आते
तो उनमें से कोई न कोई ज़रूर मेरी आँखों पर फिट हो जाता।

प्रस्तुति – धागा : विमर्श का मंच

पाठ

बहनें
———————-अरुण नारायण

हमारी चेतना में
जब दाखिल होती हैं बहनें
हमेशा पराए हो चुके
आत्मीय जगहों की तरह
जो पुराने दिनों को लौटा लाती हैं
और जुदा –जुदा
अवसाद की गाढ़ी परतें
स्मरण मात्र से ही जिनके
तैर जाती है
मन मस्तिष्क पर ।

बहनें हमारी स्मृतियों में
तब दाखिल होती हैं
जब हम होते हैं
निविड़ एकांतिक अवसाद में ।

हमारी हर छोटी ज़रूरतों पर
बारीक नज़र रखती हैं वे
और तिल – तिल कर
घर परिवार में ही
होम कर देती हैं खुद को ।

रक्षाबंधन हो या हो भैया दूज
करती हैं वे
भाई के अक्षत जीवन के लिए व्रत ।

अक्सर भूखे रह कर ही
घर आए अतिथियों का
करती हैं आदर – सत्कार
और तिल – तिल कर
परिवार की मर्यादा में ही
मर खप जाती हैं ।

प्रस्तुति – धागा : विमर्श का मंच

पाठ

ओ पृथ्वी!
असंग घोष


ओ पृथ्वी!
तुम झुकी रहो
अपने अक्षांश पर

कहीं सीधी हो गई तो
प्रलय मच जायेगा
तुम्हें पूजना बंद कर देंगे, वे
तुम्हारी प्रशंसा में रचे मंत्रों का
उच्चार
बंद हो जायेगा
तुम बनी रहो यथावत्
वरना, जड़ से
समाप्त हो जाएगा
जातिगत अहंकार
बिना पूजे पत्थर की तरह
कहीं भी पड़ी रहोगी
इसलिए कूबड़ निकाले
झुकी रहो
सीधी हो गई तो
शेषनाग के फन से गिर पड़ोगी
यदि है,
तो फुफकार मार
काटने दौड़ेगा
शेषनाग
उनके इशारे पर

हम मारे जाएँगे शंबूक की मानिंद?

हम नहीं मानते
तुम किसी ऐरा-गैरा के
फन पर टिकी हो

हमारे लिए तुम झुकी रहो
उनको गाने दो
प्रशंसा में गीत
भयभीत हो
मंत्रोच्चार करने दो

बस तुम
इसी तरह
झुकी रहो

पुरोधा – 7

💈मैं कहानीकार नहीं, जेबकतरा हूँ💈 सआदत हसन मंटो


मेरी जिंदगी में तीन बड़ी घटनाएँ घटी हैं। पहली मेरे जन्म की। दूसरी मेरी शादी की और तीसरी मेरे कहानीकार बन जाने की।

लेखक के तौर पर राजनीति में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है। लीडरों और दवाफरोशों को मैं एक ही नजर से देखता हूँ। लीडर और दवाफरोशी दोनों पेशे हैं। राजनीति से मुझे उतनी ही दिलचस्पी है, जितनी गांधीजी को सिनेमा से थी। गांधीजी सिनेमा नहीं देखते थे, और मैं अखबार नहीं पढ़ता। दरअसल हम दोनों गलती करते हैं। गांधीजी को फिल्में जरूर देखनी चाहिए थीं, और मुझे अखबार जरूर पढ़ने चाहिए।

मुझसे पूछा जाता है कि मैं कहानी कैसे लिखता हूँ। इसके जवाब में मैं कहूँगा कि अपने कमरे में सोफे पर बैठ जाता हूँ, कागज-कलम लेता हूँ और ‘बिस्मिल्ला’ कहकर कहानी शुरू कर देता हूँ। मेरी तीनों बेटियाँ शोर मचा रही होती हैं। मैं उन से बातें भी करता हूँ। उनके लड़ाई-झगड़े का फैसला भी करता हूँ। कोई मिलने वाला आ जाए तो उसकी खातिरदारी भी करता हूँ, पर कहानी भी लिखता रहता हूँ। सच पूछिए तो मैं वैसे ही कहानी लिखता हूँ, जैसे खाना खाता हूँ, नहाता हूँ, सिगरेट पिता हूँ और झक मारता हूँ।

अगर पूछा जाए कि मैं कहानी क्यों लिखता हूँ, तो कहूँगा कि शराब की तरह कहानी लिखने की भी लत पड़ गई है। मैं कहानी न लिखूँ, तो मुझे ऐसा लगता है कि मैंने कपड़े नहीं पहने हैं या गुसल नहीं किया है या शराब नहीं पी है। दरअसल मैं कहानी नहीं लिखता हूँ, बल्कि कहानी मुझे लिखती है। मैं बहुत कम-पढ़ा लिखा आदमी हूँ। वैसे तो मैंने दो दर्जन किताबें लिखी हैं और जिस पर आए दिन मुकदमे चलते रहते हैं। जब कलम मेरे हाथ में न हो, तो मैं सिर्फ सआदत हसन होता हूँ!

कहानी मेरे दिमाग में नहीं, मेरी जेब में होती है, जिसकी मुझे कोई खबर नहीं होती। मैं अपने दिमाग पर जोर देता हूँ कि कोई कहानी निकल आए। कहानी लिखने की बहुत कोशिश करता हूँ, पर कहानी दिमाग से बाहर नहीं निकलती। आखिर थक-हारकर बाँझ औरत की तरह लेट जाता हूँ। अनलिखी कहानी की कीमत पेशगी वसूल कर चुका हूँ, इसलिए बड़ी झुँझलाहट होती है। करवट बदलता हूँ। उठकर अपनी चिड़ियों को दाने डालता हूँ। बच्चियों को झूला झुलाता हूँ। घर का कूड़ा-करकट साफ करता हूँ, घर में इधर-उधर बिखरे नन्हें-मुन्ने जूते उठाकर एक जगह रखता हूँ, पर कमबख्त कहानी जो मेरी जेब में पड़ी होती है, मेरे दिमाग में नहीं आती और मैं तिलमिलाता रहता हूँ।

जब बहुत ही ज्यादा कोफ्त होती है, तो गुसलखाने में चला जाता हूँ, पर वहाँ से भी कुछ मिलता नहीं। सुना है कि हर बड़ा आदमी गुसलखाने में सोचता है। मुझे अपने तजुर्बे से पता लगा है कि मैं बड़ा आदमी नहीं हूँ, पर हैरानी है कि फिर भी मैं हिंदुस्तान और पाकिस्तान का बहुत बड़ा कहानीकार हूँ। इस बारे में मैं यही कह सकता हूँ कि या तो मेरे आलोचकों को खुशफहमी है या फिर मैं उनकी आँखों में धूल झोंक रहा हूँ।

ऐसे मौकों पर, जब कहानी नहीं ही लिखी जाती, तो कमी यह होता है कि मेरी बीवी मुझसे कहती है, ‘आप सोचिए नहीं, कलम उठाइए और लिखना शुरू कर दीजिए!’ मैं उसके कहने पर लिखना शुरू कर देता हूँ। उस समय दिमाग बिल्कुल खाली होता है, पर जेब भरी हुई होती है। तब अपने आप ही कोई कहानी उछलकर बाहर आ जाती है। उस नुक्ते से मैं खुद को कहानीकार नहीं, बल्कि जेबकतरा समझता हूँ जो अपनी जेब खुद काटता है और लोगों के हवाले कर देता है।

मैंने रेडियो के लिए जो नाटक लिखे, वे रोटी के उस मसले की पैदावार हैं, जो हर लेखक के सामने उस समय तक रहता है, जब तक वह पूरी तरह मानसिक तौर पर अपाहिज न हो जाए। मैं भूखा था, इसलिए मैंने यह नाटक लिखे। दाद इस बात की चाहता हूँ कि मेरे दिमाग ने मेरे पेट में घुसकर ऐसे हास्य-नाटक लिखे हैं, जो दूसरों को हँसाते हैं, पर मेरे होठों पर हल्की-सी मुस्कराहट भी पैदा नहीं कर सके।

रोटी और कला का रिश्ता कुछ अजीब-सा लगता है, पर क्या किया जाए! खुदाबंदताला को यही मंजूर है। यह गलत है कि खुदा हर चीज से खुद को निर्लिप्त रखता है और उसको किसी चीज की भूख नहीं है। दरअसल उसे भक्ति चाहिए और भक्ति बड़ी नर्म और नाजुक रोटी है, बल्कि चुपड़ी हुई रोटी है, जिस से ईश्वर अपना पेट भरता है। सआदत हसन मंटो लिखता है, क्योंकि वह ईश्वर जितना कहानीकार और कवि नहीं है। उसे रोटी की खातिर लिखना पड़ता है।

मैं जानता हूँ कि मेरी शख्सियत बहुत बड़ी है और उर्दू साहित्य में मेरा बहुत बड़ा नाम है। अगर यह खुशफहमी न हो तो जिंदगी और भी मुश्किल बन जाए। पर मेरे लिए यह एक तल्ख हकीकत है कि अपने मुल्क में, जिसे पाकिस्तान कहते हैं, मैं अपना सही स्थान ढूँढ़ नहीं पाया हूँ। यही वजह है कि मेरी रूह बेचैन रहती है। मैं कभी पागलखाने में और कभी अस्पताल में रहता हूँ।

मुझसे पूछा जाता है कि मैं शराब से अपना पीछा क्यों नहीं छुड़ा लेता? मैं अपनी जिंदगी का तीन-चौथाई हिस्सा बदपरहेजियों की भेंट चढ़ा चुका हूँ। अब तो यह हालत है कि परहेज शब्द ही मेरे लिए डिक्शनरी से गायब हो गया है।

मैं समझता हूँ कि जिंदगी अगर परहेज से गुजारी जाए, तो एक कैद है। अगर वह बदपरहेजियों में गुजारी जाए, तो भी कैद है। किसी-न-किसी तरह हमें इस जुर्राब के धागे का एक सिरा पकड़कर उसे उधेड़ते जाना है और बस!

साभार – हिंदी समय ।


🚰प्रस्तुति-धागा : विमर्श का मंच🚰

पुरोधा – 6

वज़ीर का फ़रमान शौकत थानवी

लोगो मुझे सलाम करो मैं वज़ीर हूँ
गर्दन के साथ ख़ुद भी झुको मैं वज़ीर हूँ
गर्दन में हार डाल दो मैं झुक सकूँ अगर
नारे भी कुछ बुलंद करो मैं वज़ीर हूँ
तुम हाथों-हाथ लो मुझे दौरे पर आऊँ जब
मोटर के साथ साथ चलो मैं वज़ीर हूँ
लिक्खे हैं शाइ’रों ने क़साएद मिरे लिए
एक आध नज़्म तुम भी कहो मैं वज़ीर हूँ
जो मुझ से कहने आओ ख़बर-दार मत कहो
जो कुछ मैं कह रहा हूँ सुनो मैं वज़ीर हूँ
मा’ज़ूर हूँ मैं अपनी वज़ारत से बे-तरह
तुम तरह-दार मुझ को कहो मैं वज़ीर हूँ
बे-शक है बरहमी सी मिरी गुफ़्तुगू के बीच
लेकिन अदब से बात सुनो में वज़ीर हूँ
मैं वो नहीं कि यूसुफ़ बे-कारवाँ फिरूँ
मेरा जुलूस ले के चलो मैं वज़ीर हूँ
अख़बार वालो सोच समझ कर करो सवाल
जो शीशा मेरे मुँह न लगो मैं वज़ीर हूँ
मुझ से क़राबतों को बस अब भूल जाओ तुम
ऐ मेरे भाई बंद गधो मैं वज़ीर हूँ
मुझ को तो मिल गई है वज़ारत की ज़िंदगी
मरते हो तुम तो जाओ मरो मैं वज़ीर हूँ
➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
🚰प्रस्तुति – धागा : विमर्श का मंच🚰

समकाल

पटरियों की बीच रोटियाँ


उस भूख का बाट जोह रहीं,
जो उन्हें छोड़ विदेहों के संग
अनंत यात्रा पर निकल गई
जिसके लौटने की कोई खबर नहीं।

कौए भी नहीं आस-पास,
शायद बनारस-घाट पर हों,
किन्तु ये क्षत-विक्षत देह
सम्राटों-श्रेष्ठियों-श्रीमन्तों की नहीं।
अपने ही स्वेद-शोणित
परिजनों के अश्रूओं में डूबे
सामान्य श्रमिकों की हैं
जो यूँ ही
अपने विरान गाँव-जवार
के मटमैले नदी तट पर
माँ-बीबी-बच्चों की आहों से
जलाये जायेंगे
या अपने ही नमक से
गल जायेंगे।

और सारे श्वान
हिमालय की राह में खड़े हैं
इन सोलह विदेहों के संग-साथ
कई और साथी
जो घर पहुँचने के पहले
भूख और थकान से
भय से अपमान से
लस्त-पस्त देहों को छोड़ निकल आये थे
इन सबों को बर्फीली राहों के पार
उस द्वार तक श्वान ही तो पहुँचायेंगे।
ध्यान से सुनिए !
इन पटरियों से
आपके द्वार तक एक प्रश्न
अनवरत गूँज रहा है धर्मराज
नचिकेता के प्रश्न से भिन्न,
मृत्यु क्या है, नहीं
क्यों है ऐसी मृत्यु ?

पसीना पोंछिए,
केवल आपको नहीं;
इसबार
सभी देवी-देवताओं,
सुर-मुनि-प्रभुगणों
मुकुटभार से ऐंठे चक्रवर्ती सम्राटों,
प्रहरों व्यंजन भकोसते लम्बोदर अभिजनों,
सबों को
आज नहीं तो कल
इन बिखरी रोटियों को
जवाब देना ही होगा ।

-रणेन्द्र

पुरोधा – 5

पहचान

सडक पर इधर-उधर पडे पत्थर के बीच दबे
टिफिन कैरियर से जो रोटी की गंध आ रही है
वह किस जा‍ति की है

यह जो सडक पर खून बह रहा है
इसे सूंघकर तो देखो
और पहचानने की कोशिश करो
यह हिंदू का है या मुसलमान का
किसी सिख का या ईसाई का,किसी बहन का या
भाई का

क्या तुम मुझे बता सकते हो
इन रक्त सने कपडों,फटे जूतों,टूटी साइकिलों
किताबों और खिलौनों की कौम क्या है

क्या तुम बता सकते हो
स्कूल से कभी न लौटने वाली बच्ची की प्रतीक्षा में खडी
माँ के आँसुओं का धर्म क्‍या है
और हस्पताल में दाखिल
जख़्मियों की चीख़ों का मर्म क्या है

हाँ मैं बता सकता हूँ,यह ख़ून उस आदमी का है
जिसके टिफ़िन में बंद रोटी की गंध उस जाति की है
जो घर और दफ़्तर के बीच साइकिल चलाती है
और जिसके सपनों की उम्र फाइलों में बीत जाती है

ये रक्त सने कपडे उस आदमी के हैं
जिसके हाथ मिलों का कपडा बनाते हैं
कारखानों में जूते बनाते हैं,खेतों में बीज डालते हैं
पुस्तकें लिखते हैं,खिलौने बनाते हैं
और शहरों की अंधेरी सड़कों के लैंपपोस्ट जलाते हैं

लैंपपोस्ट तो मैं भी जला सकता हूँ लेकिन
स्कूल से कभी न लौटने वाली बच्ची की
माँ के आँसुओं का धर्म नहीं बता सकता
जैसे जख़्मियों के घावों पर
मरहम तो लगा सकता हूँ
लेकिन उनकी चीख़ों का मर्म नहीं बता सकता।

– कुमार विकल

पुरोधा – 4

बेसन की सोंधी रोटी पर
खट्टी चटनी जैसी माँ

याद आती है चौका-बासन
चिमटा फुकनी जैसी माँ

बाँस की खुर्री खाट के ऊपर
हर आहट पर कान धरे

आधी सोई आधी जागी
थकी दोपहरी जैसी माँ

चिड़ियों के चहकार में गूंजे
राधा-मोहन अली-अली

मुर्ग़े की आवाज़ से खुलती
घर की कुंडी जैसी माँ

बिवी, बेटी, बहन, पड़ोसन
थोड़ी थोड़ी सी सब में

दिन भर इक रस्सी के ऊपर
चलती नटनी जैसी माँ

बाँट के अपना चेहरा, माथा,
आँखें जाने कहाँ गई

फटे पुराने इक अलबम में
चंचल लड़की जैसी माँ

-निदा फ़ाज़ली

धंधेबाजी-काल

प्रॉम्प्ट करवा कर वे लोग लिखवाते हैं जिनके पास अपना कुछ नहीं होता । एक प्रकार का षड्यंत्र है यह बर्ताव । भाषा भले कमज़ोर हो , कहानी गढ़नी नहीं आ रही , आपकी कोई पहचान नहीं फिर भी दूसरों से लिखवाना भर्त्सना योग्य है । धंधेबाजीकाल है यह ।

-शांडिल्य सौरभ

पुरोधा – 3

दाग दुनिया ने दिए जख़्म ज़माने से मिले
हम को तोहफे ये तुम्हें दोस्त बनाने से मिले

हम तरसते ही तरसते ही तरसते ही रहे
वो फलाने से फलाने से फलाने से मिले

ख़ुद से मिल जाते तो चाहत का भरम रह जाता
क्या मिले आप जो लोगों के मिलाने से मिले

माँ की आगोश में कल मौत की आगोश में आज
हम को दुनिया में ये दो वक्त सुहाने से मिले

कभी लिखवाने गए ख़त कभी पढ़वाने गए
हम हसीनों से इसी हीले बहाने से मिले

इक नया जख़्म मिला एक नई उम्र मिली
जब किसी शहर में कुछ यार पुराने से मिले

एक हम ही नहीं फिरते हैं लिए किस्सा-ए-गम
उन के खामोश लबों पर भी फसाने से मिले

कैसे माने के उन्हें भूल गया तू ऐ ‘कैफ’
उन के खत आज हमें तेरे सिरहाने से मिले

'कैफ़' भोपाली